जबलपुर जिले में कम वजन और ठिगनेपन के मामले बढ़े हैं। हालिया आंकड़ों के अनुसार हर पांच में से एक बच्चा उम्र के हिसाब से नाटा रह जा रहा है, जबकि चार में से एक बच्चा कम वजन का है। यह स्थिति तब सामने आ रही है, जब पोषण पर हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिले में पांच साल से कम उम्र के करीब 2.51 लाख बच्चे हैं, जिनमें हजारों बच्चे ठिगनेपन, कम वजन और एनीमिया से जूझ रहे हैं। यह समस्या शहरी झुग्गियों, रांझी, अधारताल, गढ़ा, पनागर और ग्रामीण ब्लॉकों में अधिक दिख रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पोषण अभियान, सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, टेक होम राशन, गर्म पका भोजन, आयरन-फोलिक एसिड और नियमित ग्रोथ मानिटरिंग के जरिए कुपोषण पर काम किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर माह बच्चों की लंबाई-वजन मापकर पोषण ट्रैकर पर दर्ज करती हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ विनोद गुप्ता का कहना है कि गर्भधारण से लेकर दो साल तक के पहले 1000 दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं और इस दौरान मां का स्तनपान भी बेहद जरूरी है।

एनएससीबी मेडिकल कालेज में पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ मोनिका लॉजरस के अनुसार ठिगनेपन का असर सिर्फ कद पर नहीं पड़ता, बल्कि ऐसे बच्चों में सीखने-समझने की क्षमता कम हो जाती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है। एल्गिन में डॉ. पल्लवी लोंदे के अनुसार बच्चे को सिर्फ पेट भरने वाला नहीं, बल्कि प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन-ए और कैल्शियम वाला आहार दिया जाए।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार जिले में कम वजन वाले बच्चों की दर साल 2024 में 20 प्रतिशत थी, जो साल 2015 में बढ़कर 25 प्रतिशत हो गई है, और वेस्टिंग यानी दुबलापन 18.9 से बढ़कर 23.8 प्रतिशत हो गया है। पोषण ट्रैकर के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में मापे गए 51 लाख से ज्यादा बच्चों में 40.72 प्रतिशत ठिगनेपन, 23.30 प्रतिशत कम वजन और 6.96 प्रतिशत दुबलेपन से प्रभावित हैं। अक्टूबर 2025 में ठिगनेपन की दर 36.64 प्रतिशत थी, यानी एक साल में 4.08 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई।