सर्दियों में बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12426) में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छह से 12 दिसंबर तक प्रतिदिन एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा।

इस अस्थायी व्यवस्था से ट्रेन में अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। रेलवे के अनुसार, इससे उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें सर्दियों के दौरान आरक्षण कराने में परेशानी हो रही है। अतिरिक्त कोच लगने से राजधानी एक्सप्रेस में सफर के लिए अधिक सीटें मिल सकेंगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपने टिकट और कोच की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) और आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है।

जम्मू मंडल का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए जरूरत के अनुसार ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।