जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कारपोरेशन लिमिटेड ने शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में 28 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक अलग-अलग तिथियों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की सूचना दी है। निगम के अनुसार यह कटौती बिजली के बुनियादी ढांचे के सुधार, रीकंडक्टरिंग और कंडक्टरों को मजबूत करने के कार्यों के चलते की जा रही है।

परेड रिसीविंग स्टेशन के 11 केवी फीडर पर रीकंडक्टरिंग, डीटीआर क्षमता वृद्धि और एलटी एबी केबलिंग कार्य के कारण 1 और 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक पक्का डंगा, मोती बाजार, पुरानी मंडी और इनसे सटे इलाकों में बिजली बंद रहेगी। इसके अतिरिक्त, धौंथली रिसीविंग स्टेशन के फीडर डीएच-03 और डीएम-04 तथा सचिवालय रिसीविंग स्टेशन के फीडर एस-12 पर मरम्मत कार्यों के चलते 1 दिसंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंजतीर्थी, कच्ची छावनी, कर्ण नगर, मुबारक मंडी और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

इलेक्ट्रिक डिवीजन-3 के अंतर्गत करंगी रिसीविंग स्टेशन के 11 केवी फीडरों पर कंडक्टर को मोटा और मजबूत करने के कार्य के लिए 1 और 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक करंगी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली कटौती की जाएगी। वहीं, मैरा मांद्रियां रिसीविंग स्टेशन के 11 केवी फीडर पर कंडक्टर सुदृढ़ीकरण कार्य के कारण 28 नवंबर, 30 नवंबर और 2 दिसंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक मैरा मांद्रियां और इससे सटे इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

निगम ने स्पष्ट किया है कि यह शटडाउन मौसम की अनुकूल परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।