जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 12.30 बजे एक सड़क हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सर्किट हाउस एरिया के नार्दन टाउन टीओपी गोलचक्कर के पास हुआ। तीनों युवक एक ही बुलेट पर सवार थे।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार सोनारी न्यू ग्वाला बस्ती निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों युवक बुलेट पर सोनारी से बिष्टुपुर किसी निजी काम से जा रहे थे। बुलेट कृष्णा पांडेय चला रहा था। नार्दन टाउन टीओपी के पास अचानक गाय के आ जाने पर उसे बचाने के प्रयास में बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के कारण तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ब्रजेश सिंह और कृष्णा पांडेय को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सोनारी ग्वाला बस्ती निवासी जितेंद्र सिंह के 25 वर्षीय पुत्र ब्रजेश सिंह और वसुंधरा पांडेय के पुत्र कृष्णा पांडेय के रूप में हुई है। जितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि इसमें किसी का कोई दोष नहीं है।
तीसरे घायल युवक गौरव पांडेय की हालत गंभीर बनी हुई है। वह कोडरमा का रहने वाला है और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही सोनारी की ग्वाला बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तीसरे युवक की गंभीर स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
