भारत और नेपाल के बीच जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल रूप से करेंगे। यह रेल मार्ग रामनगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर को सीधे जोड़ेगा। रेल सूत्रों के अनुसार पहली ट्रेन 24 नवंबर को जनकपुर पहुंचेगी, जहां नेपाल सरकार की ओर से भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। इस सेवा से दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई कड़ी मिलने की उम्मीद है।

नेपाल रेलवे के महाप्रबंधक परिवेश पराजुली ने बताया कि ट्रेन के जनकपुर पहुंचने पर नेपाल सरकार उसका स्वागत करेगी। जनकपुर रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। भारत नेपाल पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष ललित झा ने कहा कि स्वागत समारोह में मधेश प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री कृष्णा प्रसाद यादव, राज्यपाल डा. सुरेन्द्र लाल, उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र भंडारी, भारत नेपाल नागरिक मंच के अध्यक्ष सदाशिव मिश्रा और नेपाल भारत मैत्री संघ के अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है। नेपाल के भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लमशार प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ नई दिल्ली के उद्घाटन समारोह में शामिल रहेंगे।

इधर, मधुबनी से जयनगर तक रेलवे स्टेशनों को स्वागत समारोह के लिए सजाया जा रहा है। अयोध्या कैंट स्टेशन पर भी ट्रेन परिचालन को लेकर तैयारी चल रही है। पूर्व मध्य रेल समस्तीपुर मंडल की ओर से निर्धारित रेल खंड के स्टेशनों पर यात्रियों के स्वागत की तैयारी की जा रही है। रेल सूत्रों के अनुसार 24 नवंबर को शिशो, सकरी, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशन पर स्वागत होगा। इन स्टेशनों के अंतर्गत आने वाले सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के सांसद, मंत्री एवं विधायकों को रेलवे द्वारा निमंत्रण पत्र भेजने की तैयारी है।