जौनपुर के उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में संविधान गौरव दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने चिकित्सकों के परिश्रम और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र चुनौतीपूर्ण है और चिकित्सक वर्षों की शिक्षा व प्रशिक्षण के बाद मानव सेवा में जुटते हैं, इसलिए समाज को उनके कार्यों का सम्मान करना चाहिए।
सांसद सोनकर ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान की प्रस्तावना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला और उपस्थित लोगों को संविधान के आदर्शों का पालन करने का संकल्प दिलाया।
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आरबी कमल ने महाविद्यालय की चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबद्ध चिकित्सालय में करीब 140 बेड और विभिन्न विभागों में ऑपरेशन थिएटर की सुविधा है, जबकि ओपीडी में प्रतिदिन करीब तीन हजार मरीज पहुंचते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने विद्यार्थियों को सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) एए जाफरी ने आभार जताया और संचालन डॉ. पूजा पाठक ने किया। इस दौरान चीफ प्राक्टर प्रो. रुचिरा सेठी, डीन एकेडमिक प्रो. तबस्सुम यासमिन समेत चिकित्सक, विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे।
