सर्दी में कोहरे और रात के समय होने वाले सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए झज्जर जिला प्रशासन ने प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को जिले से गुजरने वाले कटरा एक्सप्रेस-वे, कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे, नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे समेत मुख्य मार्गों पर किसी भी वाहन की अवैध पार्किंग न होने सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। उन्होंने विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

डीसी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सर्दी में कम दृश्यता को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम तय समय पर पूरे करने और किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने, ब्लिंकर सक्रिय रखने और दुर्घटना संभावित स्थानों, मोड़ों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी व सूचनात्मक बोर्ड लगाने के आदेश जारी किए हैं। विभागों को नियमित निरीक्षण कर कमियों को तुरंत दूर करने को कहा गया है। शहरी निकायों, ग्रामीण अधिकारियों और पशुपालन विभाग को सड़क पर घूमने वाले पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनसे होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ‘म्हारी सड़क’ एप पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर लंबित मामले खत्म करने को भी कहा गया।

बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसीपी अखिल, पीडब्ल्यूडी झज्जर से सुमित कुमार, पीडब्ल्यूडी बहादुरगढ़ से राहुल शर्मा, डीईओ रतींद्र सिंह, सीएमओ डॉ. मंजू, एडीटीओ राजेश मलिक और एक्सईएन जनस्वास्थ्य अश्वनी सांगवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।