रांची। झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरू हो रहा है। इसमें खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम यानी एमएमडीआर एक्ट में संशोधन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर बहस होगी। संसद के मानसून सत्र में एमएमडीआर एक्ट में किया गया संशोधन राज्यों के खनिज पर सेस लेने के अधिकार को खत्म अथवा सीमित करता है।

इंडी गठबंधन में शामिल झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक इस संशोधन को संघीय ढांचे पर आघात बताकर झारखंड को होने वाले आर्थिक नुकसान के मुद्दे पर एनडीए को घेरेंगे। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायक इंडी गठबंधन की आपत्ति पर सीधे सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। भाजपा का दावा है कि संशोधन से खनिज की चोरी रुकेगी, उत्पादन बढ़ेगा और रायल्टी अधिक मिलेगी। आजसू पार्टी और जेएलकेएम का रुख इस मुद्दे पर पूरी तरह साफ नहीं है।

सदन में मोर्चा संभालने वाले चेहरों पर नजर डालें तो संथाल परगना से इंडी गठबंधन की ओर से स्टीफन मरांडी, हेमलाल मुर्मू और प्रदीप यादव जैसे नेता आवाज उठा सकते हैं। भाकपा माले के अरूप चटर्जी, कांग्रेस के राजेश कच्छप और शिल्पी नेहा तिर्की भी सदन में सवाल उठाते दिख सकते हैं। एनडीए की ओर से बाबूलाल मरांडी के अलावा हजारीबाग प्रमंडल के विधायक मोर्चा संभालेंगे।

उल्लेखनीय है कि एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के बाद भी झारखंड सरकार ने झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम 2024 के तहत उपकर वसूलने का अधिकार नहीं छोड़ा है। 2024 में उच्चतम न्यायालय के आदेश पर राज्य में खनिज पर सेस लेना शुरू किया गया था। 2025-26 में 7350 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जबकि इस साल अगस्त तक 4657 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।