गोड्डा जिले के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित होने के बावजूद दांतों से पेन पकड़कर लिखकर जैक मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। गुरुवार को उन्होंने झारखंड विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और अपनी पढ़ाई तथा परीक्षा में मिली सफलता के बारे में जानकारी दी।

फैजानुल्लाह का नामांकन गोड्डा के यूएचएस शिवाजीनगर में रहा है। उनकी पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम-बेस्ड एजुकेशन के माध्यम से संचालित हुई। इस व्यवस्था और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने जैक की मैट्रिक परीक्षा में यह उपलब्धि हासिल की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फैजानुल्लाह के पढ़ाई के प्रति समर्पण, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए हौसला बढ़ाया। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से फैजानुल्लाह को हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी उपस्थित थे।