रांची। झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस एसके द्विवेदी की अदालत ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 12 की व्याख्या करते हुए कहा है कि अपराध की गंभीरता या नाबालिग की उम्र (16 वर्ष से अधिक होने पर भी) जमानत के अधिकार को अस्वीकार करने का आधार नहीं बन सकती। अदालत ने गिरिडीह के एक 17 वर्षीय नाबालिग को जमानत देते हुए किशोर न्याय बोर्ड और चिल्ड्रेन कोर्ट के जमानत खारिज करने के आदेशों को निरस्त कर दिया। याचिकाकर्ता नाबालिग 17 फरवरी 2026 से रिमांड होम में निरुद्ध था। अदालत ने कहा कि कानून में नाबालिगों को जमानत देने के मामले में किसी तरह का वर्गीकरण या भेदभाव नहीं किया गया है।

गिरिडीह नगर थाना में पोक्सो एक्ट तथा आइटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में पीड़िता की तस्वीर एडिट कर उसे धमकी देने का आरोप लगाया गया था। नाबालिग की जमानत याचिका को गिरिडीह के किशोर न्याय बोर्ड ने छह अप्रैल को खारिज किया था, जिसके बाद चिल्ड्रेन कोर्ट ने भी जमानत देने से इन्कार कर दिया था।

नाबालिग के पिता की ओर से कहा गया कि याचिकाकर्ता घटना के समय नाबालिग था और समान आरोप वाले सह-अभियुक्त को हाईकोर्ट से पहले ही नियमित जमानत मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि नाबालिग और उसके परिजनों पर पूर्व आपराधिक इतिहास से जुड़े जो मामले बताए जा रहे हैं, वे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं। पिता ने शपथ पत्र देकर बेटे को अच्छे आचरण और अपराधियों की संगति से दूर रखने का भरोसा भी दिया।