रांची में झारखंड की सत्ताधारी पार्टी जेएमएम के प्रवक्ता मनोज पांडे ने दावा किया है कि नीतीश कुमार राजनीतिक रूप से खत्म हो चुके हैं और जेडीयू के पास अब चंद महीनों का ही समय बचा है। उन्होंने कहा कि बिहार में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए जेडीयू समाप्ति की ओर बढ़ रही है और भाजपा जेडीयू के कुछ नेताओं को दबाव बनाकर अपनी पार्टी में शामिल करा लेगी।
इस बीच मनोज पांडे ने आरएसएस के दफ्तर को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संघ प्रमुख मोहन भागवत कहते हैं कि आरएसएस एक अपंजीकृत संगठन है, ऐसे में उसने 150-200 करोड़ रुपये की लागत से आलीशान दफ्तर कैसे बना लिया और इसके लिए पैसा कहां से आया, इसका जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आरएसएस का राष्ट्र-निर्माण में कोई योगदान नहीं रहा है।
मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए जेएमएम नेता ने कहा कि वे बड़े-बड़े बयान देते हैं, लेकिन ये लोग भोग-विलासता की जिंदगी जी रहे हैं। उनके पास भारी मात्रा में धन आ रहा है और उन पर विदेशी फंडिंग के आरोप भी लगे हैं। पांडे ने कहा कि अभी सरकार इनकी है, इसलिए शायद सब कुछ छिपा हुआ है, लेकिन भविष्य में जब व्यवस्था बदलेगी तो इन्हें जवाब देना ही होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के बाद यह कहा जा रहा है कि एनडीए के दो दलों बीजेपी और जेडीयू के बीच चल रहा मनमुटाव खत्म हो गया है। इसी बीच पड़ोसी राज्य झारखंड से जेडीयू को लेकर यह दावा सामने आया है।
