शहरों में संयुक्त परिवार का नया स्वरूप देखने को मिल रहा है। माता-पिता और बेटा-बहू एक ही हाउसिंग सोसाइटी या बगल की बिल्डिंग में अलग-अलग फ्लैट में रहते हैं। जरूरत पड़ने पर कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे के पास पहुंचा जा सकता है, लेकिन खाने, खर्च, मेहमानों और दिनचर्या के फैसले दोनों अपने हिसाब से लेते हैं। महंगे मकान, बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों की सुरक्षा और निजी जिंदगी की चाह ने परिवार के इस नए मॉडल को जन्म दिया है।

बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रहने वाले अमित और नेहा दोनों नौकरी करते हैं। उनका फ्लैट उसी सोसाइटी में है, जहां अमित के माता-पिता रहते हैं। उनकी बेटी अन्वी स्कूल से लौटने के बाद दादा-दादी के साथ रहती है और शाम को माता-पिता उसे अपने घर ले आते हैं। तीज-त्योहार वे मिलकर मनाते हैं और वीकेंड पर खाना भी साथ खाते हैं। अमित-नेहा जैसे कई कपल उसी सोसायटी या बिल्डिंग में अलग फ्लैट में रहते हैं, जहां उनके माता-पिता का घर है।

इस व्यवस्था में बच्चों को दादा-दादी से पारिवारिक संस्कार और भावनात्मक सुरक्षा मिल सकती है, बुजुर्गों का अकेलापन घटता है और जरूरत के समय मदद उपलब्ध रहती है। लेकिन दो घरों का रखरखाव, मकान की ईएमआई और घरेलू जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। पास रहने के बावजूद नियमित बातचीत न हो तो भावनात्मक दूरी बनी रह सकती है। हेल्पएज इंडिया की रिपोर्ट इंडिया इंटरजनरेशनल बॉन्ड्स के अनुसार, बुजुर्गों और युवाओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव में साथ रहने की अहम भूमिका है, लेकिन केवल भौगोलिक नजदीकी नहीं, रोजमर्रा का संपर्क भी जरूरी है।

क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और फैमिली काउंसिलर डॉ. काकोली रॉय के मुताबिक, पहले घर और परिवार दोनों बड़े होते थे, इसलिए बड़े-बुजुर्गों का दखल उतना ज्यादा नहीं होता था, लेकिन अब छोटे घरों में यह संभव नहीं है। इसलिए लड़ाई-झगड़े से बेहतर है कि एक कैम्पस में अलग-अलग रहा जाए।