छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में उदयपुर वन परिक्षेत्र में 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी के रेडियो कॉलर लगने के बाद फिर अकेला होने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को रामगढ़ की पहाड़ी पर उसे ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाई गई थी। गुरुवार को बेड़ियां खोलने के बाद देर रात वह पहाड़ी से नीचे उतरा और मृगाडांड़ बस्ती के पास खेतों में घुसकर धान की फसल खाई। घोघरा बांध में नहाने के बाद वह जंगल की ओर चला गया। रास्ते में मिले जलस्रोतों का पानी वह सूंड़ से उठाकर शरीर पर डालता रहा। निगरानी के दौरान ड्रोन देखकर उसने सूंड़ उठाकर नाराजगी भी जताई। कालर लगाने के बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला है।

बता दें कि कबरा हाथी ने पिछले छह महीनों में सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 लोगों को कुचलकर मार डाला था। उसने दर्जनों मकानों को क्षतिग्रस्त करने के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। इसी कारण वन विभाग ने उसे ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाई। यह अभियान 13 नवंबर से शुरू हुआ था। उदयपुर के सायर जंगल में उसका सामना 17 हाथियों के झुंड से हुआ। दल के नर हाथी को परास्त कर वह मुखिया बन गया। छह दिनों तक झुंड में रहने के दौरान उसका मूवमेंट सीमित रहा और उसने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। अब झुंड उससे करीब पांच किलोमीटर दूर है।

मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा के अनुसार, अकेला रहने वाला हाथी अधिक आक्रामक हो सकता है। वन विभाग तीन प्रशिक्षित हाथियों से कबरा की निगरानी कर रहा है। विभाग के सामने उसे प्राकृतिक माहौल में छोड़ने या रेस्क्यू सेंटर ले जाने का विकल्प है। आबादी में घुसने या मकानों में तोड़फोड़ करने पर उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।