कानपुर में जागरण विमर्श मंच पर नागरिकों ने शहर की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सीधे सवाल किए। बिजली, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई और अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के सुझाव भी दिए। मंच पर शासन की योजनाओं, बिजली व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति तक के मुद्दे उठे।
सीडीओ अभिनव जे जैन ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए विकास के विजन पर चर्चा की। केस्को एमडी नेहा जैन ने बिजली कनेक्शन, बिलिंग, ऑनलाइन भुगतान और उपभोक्ता सुविधाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए। अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संतोष कुमार मिश्र ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के कारोबार और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की कार्ययोजना बताई।
सवाल-जवाब के दौरान नए बिजली कनेक्शन के आवेदन निरस्त होने, अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के बाद भी पुराने खंभे रह जाने, सड़क पर खंभे और ट्रांसफार्मर रहने से दुर्घटना की आशंका तथा भुगतान के बाद पैसा खाते में जमा न होने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और जनभागीदारी से शहर की तस्वीर बदलने पर जोर दिया।
