श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सद्र-ए-रियासत रह चुके डॉ कर्ण सिंह ने अमरनाथ यात्रा मार्ग को चौड़ा करने के लिए अर्थ-मूविंग मशीनरी के इस्तेमाल पर हैरानी जताई है। उन्होंने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील शेषनाग झील के पास हो रहे इस काम पर चिंता जाहिर की है। निर्माण कार्य का विरोध कर रहे लोगों का समर्थन करते हुए उन्होंने अधिकारियों से इस इलाके में भारी मशीनों का इस्तेमाल तुरंत रोकने का आग्रह किया है।
एक बयान में डॉ कर्ण सिंह ने हिमालय की नाजुक इकोलॉजी का जिक्र करते हुए संवेदनशील तीर्थ मार्गों पर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने उत्तराखंड में सड़कों को चौड़ा करने के प्रयासों पर अपनी पुरानी चिंताएं दोहराईं, जहां डायनामाइट का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया था। उनके मुताबिक इससे पहाड़ों की नाजुक संरचना को नुकसान पहुंचा और केदारनाथ जैसी आपदाएं आईं।
उन्होंने कहा कि वह इसका विरोध कर रहे लोगों के साथ खड़े हैं और अधिकारियों से अपील करते हैं कि इस रास्ते पर भारी मशीनों का इस्तेमाल न किया जाए। उनका कहना है कि सिर्फ पर्यटकों की सुविधा के लिए हर तीर्थ मार्ग को गाड़ियों के चलने लायक सड़क में बदलने की जरूरत नहीं है। मौजूदा दो-लेन सड़कें काफी हैं और सच्चे तीर्थयात्री पवित्र स्थान तक पैदल या सवारी से जाने में कोई बुराई नहीं मानेंगे।
गौरतलब है कि शेषनाग झील के पास निर्माण कार्य को लेकर विवाद बढ़ रहा है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें झील के किनारे खुदाई करने वाली मशीनें और भारी मशीनरी काम करती नजर आ रही थीं। अनंतनाग जिले में लगभग 11,780 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह झील ग्लेशियर से बनी है और इसे आधिकारिक तौर पर 'उच्च जोखिम' वाली श्रेणी में रखा गया है। हिंदू धर्म में शेषनाग को पवित्र स्थल माना जाता है और यह अमरनाथ यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस काम की जिम्मेदारी संभालने वाले बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) का कहना है कि यह गतिविधि अमरनाथ यात्रा के बाद किए जाने वाले रखरखाव का हिस्सा है और इसे पर्यावरण संबंधी सुरक्षा उपायों के साथ किया जा रहा है। बीआरओ ने स्पष्ट किया है कि यह काम केवल मौजूदा रास्तों तक सीमित है, जिसका मकसद कमजोर हिस्सों को मजबूत करना और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।
