शादियों और खासकर मेहंदी की रस्म में पिछले करीब 25 सालों से करिश्मा कपूर का एक गीत खूब बजाया जाता है। अल्का याग्निक की आवाज में सजे इस गीत पर मौसी-नानी दुल्हन को छेड़ती हैं। यह गीत साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'जुबैदा' का है, जिसके बोल हैं 'मेहंदी है रचने वाली...हाथों में गहरी लाली'।

गीत में करिश्मा कपूर के साथ फरीदा जलाल भी नजर आई थीं। इसे अल्का याग्निक ने गाया, संगीत ए.आर. रहमान ने दिया और बोल जावेद अख्तर ने लिखे। फिल्म में यह गाना करिश्मा के किरदार की स्थिति पर फिल्माया गया था, लेकिन असल जिंदगी में मेहंदी के फंक्शन में इसे गाकर मौसी अपनी भांजी को खूब छेड़ती हैं। बताया जाता है कि यह गीत आज भी गांव और देसी शादियों में खूब बजाया जाता है।

श्याम बेनेगल के निर्देशन में बनी 'जुबैदा' की कहानी रियाज मसूद के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां जुबैदा को जानने और समझने की खोज पर आधारित है। फिल्म में करिश्मा कपूर ने जुबैदा का किरदार अदा किया था। यह कहानी राइटर खालिद मोहम्मद ने अपनी मां जुबैदा बेगम की जिंदगी से प्रेरित होकर लिखी थी।

साल 2001 में रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फ्लॉप साबित हुई थी। मूवी का बजट 5 करोड़ के आसपास था, जबकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका नेट कलेक्शन 3.48 करोड़ तक का रहा। फिल्म में करिश्मा के अलावा रेखा, मनोज बाजपेयी, राहुल सिंह और परजान दस्तूर जैसे सितारे नजर आए थे।