कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक 55 वर्षीय महिला पर अपने 33 वर्षीय बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, महिला अपने बेटे के दूसरी जाति की एक विवाहित महिला से शादी करने के फैसले से नाराज थी। आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुथुराज के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के मत्तिकेरे इलाके में एक फैक्ट्री में काम करता था और खाली समय में कैटरिंग का काम भी करता था। उसका परिवार तुमकुरु जिले के जक्केनाहल्ली गांव में रहता है और वह आमतौर पर वीकेंड में गांव आता था। रविवार को भी वह गांव आया हुआ था और रात में घर के बाहर सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसकी मां शिवम्मा ने लकड़ी के एक बड़े टुकड़े से उस पर हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोटें लगीं और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के समय वह सो रहा था और विरोध भी नहीं कर सका।
घटना का पता सोमवार सुबह तब चला, जब मुथुराज की बहन उसे जगाने के लिए पहुंची और उसने भाई को मृत हालत में पाया। इसके बाद परिवार और गांव के लोगों को जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि मुथुराज एक ऐसी महिला से शादी करना चाहता था, जो पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी थे। महिला दूसरी जाति से थी। एक सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मुथुराज ने अपने परिवार के सामने इस महिला से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसकी मां इस रिश्ते के पूरी तरह खिलाफ थी।
पुलिस के मुताबिक, शिवम्मा चाहती थी कि उसका बेटा किसी अविवाहित महिला से शादी करे और उसने मुथुराज को कुंवारी लड़की से विवाह करने की सलाह दी थी। लेकिन मां की सख्त नाराजगी के बावजूद मुथुराज अपने फैसले पर कायम रहा, जिससे मां उससे नाराज थी। शुरुआती जांच में शादी के फैसले को ही हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शिवम्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के सामने आते ही इलाके में सनसनी मच गई और घटनास्थल पर काफी लोग इकट्ठा हो गए थे।
