यमुनानगर के श्रीकपालमोचन मेले में सोमवार रात 12 बजे कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु ऋणमोचन, कपालमोचन और सूरजकुंड सरोवरों में डुबकी लगाएंगे। स्नान के बाद दीपदान और मंदिरों व गुरुद्वारों में माथा टेकने का सिलसिला चलेगा। मेले में पंजाब के मालवा, दोआबा व माझा क्षेत्र के साथ हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से श्रद्धालु पहुंचे हैं।
पूर्णिमा स्नान के बाद मंगलवार सुबह अन्य प्रदेशों के श्रद्धालुओं की वापसी शुरू होगी, जबकि स्थानीय श्रद्धालु मेले में पहुंचना शुरू करेंगे। रात तक स्नान, दीपदान और खरीदारी जारी रहेगी। भीड़ और वीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस व प्रशासन अलर्ट है। एसपी कमलदीप गोयल ने मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था जांची।
सीसीटीवी और वाचटावरों से निगरानी के साथ पुलिस अधिकारियों सहित 6000 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पूर्णिमा स्नान के दौरान पहली बार ड्रोन, लाइट और साउंड शो का आयोजन होगा। रंगीन एलईडी से सजे कंप्यूटर नियंत्रित ड्रोन आसमान में आकृतियां बनाएंगे और संगीत व रोशनी के जरिए गुरु नानक देव जी के जीवन व मानवता के संदेश को दर्शाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को महिपाल ढांडा, गौरव गौतम, कृष्ण कुमार बेदी, सांसद नवीन जिंदल, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और अन्य अतिथियों के साथ मेले में पहुंचेंगे।
