वाराणसी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित 89.2 किलोमीटर लंबे दो एलिवेटेड कॉरिडोर की परियोजनाओं के लिए कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। करीब 25,446 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था सुधरने और प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

वरुणा नदी के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो एनएच-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएएम) पर बनने वाली इस परियोजना की लागत 10,998.32 करोड़ रुपये है। इसके दो पैकेजों के लिए आठ और सात यानी कुल 15 निविदाएं मिली हैं। इसमें मुख्य रूप से छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर, फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड शामिल होंगे। इससे एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाने का अनुमान है।

गंगा नदी के किनारे 46 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो एनएच-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। एचएएम पर बनने वाली इस परियोजना की लागत 14,447.64 करोड़ रुपये है। इसके दो पैकेजों के लिए आठ-आठ यानी कुल 17 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। इसमें छह लेन का मुख्य कॉरिडोर, 910 मीटर लंबा केवल-स्टैंड पुल, 1.32 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज, लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड बनाए जाएंगे। इससे एनएच-19 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 60 मिनट से घटकर 20 मिनट रहने का अनुमान है।

दोनों परियोजनाएं प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित की जाएंगी। इनसे वाराणसी के साथ चंदौली के सामाजिक और आर्थिक केंद्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुगम होने से लॉजिस्टिक्स लागत घटने, सड़क सुरक्षा बढ़ने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।