श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, कटड़ा के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग की टीम ने तीन गंभीर और दुर्लभ आपातकालीन मामलों में सफल सर्जरी कर मरीजों की जान बचाई है। अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार एवं सीटीवीएस विशेषज्ञ डॉ. विनोद भान तथा डॉ. रोमिल दत्त शर्मा ने ये सर्जरी की। उपचार के बाद तीनों मरीजों की हालत में सुधार हुआ और उन्हें स्थिर स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पहले मामले में पेट की सर्जरी के बाद एक मरीज को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। जांच में फेफड़ों की धमनियों में बड़े रक्त के थक्के यानी पल्मोनरी एम्बोलिज्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल पल्मोनरी आर्टरी एम्बोलेक्टामी सर्जरी कर थक्का हटाया गया और फेफड़ों में रक्त प्रवाह बहाल किया गया। दूसरे मामले में पल्मोनरी ट्यूबरकुलोसिस से पीड़ित एक मरीज को खांसी के साथ बार-बार खून आने की समस्या थी। जांच में प्रभावित फेफड़े से अत्यधिक रक्तस्राव पाया गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन लोबेक्टामी सर्जरी की गई और फेफड़े के रोगग्रस्त हिस्से को हटाया गया।
तीसरे मामले में एक मरीज के बाएं पैर में तेज दर्द था और नाड़ी का स्पंदन महसूस नहीं हो रहा था। जांच में पैर को रक्त पहुंचाने वाली धमनियों में रुकावट पाई गई, जिससे पैर को गंभीर खतरा था। डॉक्टरों ने तत्काल फीमोरल-टिबियल आर्टरी बाईपास सर्जरी की, जिससे पैर में रक्त संचार दोबारा बहाल हुआ और अंग को बचाने में सफलता मिली।
डॉ. विनोद भान ने कहा कि तीनों मरीजों की स्थिति बेहद गंभीर थी और तत्काल सर्जिकल हस्तक्षेप की आवश्यकता थी। समय पर बीमारी की पहचान, विशेषज्ञ सर्जिकल टीम की दक्षता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय ने सफल उपचार में अहम भूमिका निभाई। डॉ. रोमिल दत्त शर्मा ने कहा कि इन मामलों में फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं, छाती और पैरों की रक्त वाहिकाओं से जुड़ी गंभीर आपातकालीन स्थितियां शामिल थीं, और एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ सर्जरी, क्रिटिकल केयर तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से ऐसे जटिल मामलों का समय पर उपचार संभव हो पाता है। अस्पताल के फैसेलिटी डायरेक्टर डॉ. यशपाल शर्मा ने कहा कि ये सफल उपचार अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम और आधुनिक सुविधाओं का प्रमाण हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के निरंतर सहयोग से अस्पताल में व्यापक हृदय एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि जम्मू-कश्मीर के मरीजों को उन्नत उपचार अपने क्षेत्र के नजदीक और उचित खर्च पर उपलब्ध कराया जा सके।
