कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज के गांवों में तेंदुए के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत है। ईदगाहपुरवा में चार दिन पूर्व तेंदुए ने एक बालिका पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद घूरेपुरवा में नहर की पटरी पर मड़हे में रह रहे एक पुजारी पर हमला कर उसकी जान ले ली गई। एक सप्ताह से तेंदुआ गांव में पहुंचकर मवेशियों को भी निवाला बना रहा है।

सुजौली रेंजर नीरज श्रीवास्तव के अनुसार वन दरोगा अनिल कुमार पटेल की ओर से ईदगाहपुरवा में एक और घूरेपुरवा में दो स्थानों पर पिंजरा लगाया गया है। पिंजरों में बकरी बांधी गई है, ताकि शिकार के चक्कर में तेंदुआ कैद हो सके। रेंजर ने बताया कि पिंजरों के आसपास विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

हालांकि, दो दिन बीतने के बावजूद किसी भी पिंजरे में तेंदुआ कैद नहीं हुआ है और वन विभाग को सफलता नहीं मिली है। ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर दहशत बनी हुई है।

(नोट: इस खबर में प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस्तेमाल तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।)