ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने कौशांबी जिले के तीन विकास खंड क्षेत्रों में गांवों की गलियों और नालियों के सुधार के लिए करीब 1.87 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी किया है। विभाग ने शुक्रवार को यह टेंडर निकाला। इसके तहत इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, नाली और पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
टेंडर डालने की आखिरी तिथि 15 दिसंबर दोपहर 12 बजे तय की गई है। उसी दिन एक बजे टेंडर खोला जाएगा। टेंडर में चयनित कार्यदायी संस्थाओं को तीन महीने में काम पूरा करना होगा।
विभाग ने मंझनपुर, कौशांबी और सरसवां विकास खंड क्षेत्रों में 39 कार्य कराने का प्रस्ताव रखा है। मंझनपुर क्षेत्र के अंबावा पश्चिम, बैशकांटी, भद्दुर, भरसवां और खैरात अली चक गांव के मजरा चक में इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, आरसीसी पुलिया और नाली के काम प्रस्तावित हैं। कौशांबी विकास खंड के अहिरन की डांडी गांव के मजरा उरई अशरफपुर, धरमपुर और चौपुरवा में भी निर्माण कराया जाएगा।
सरसवां विकास खंड के बैरमपुर, गनेशपुर गांव के मजरा कटरी और जयंतीपुर गांव के मजरा बौली में सीसी रोड, नाली और इंटरलॉकिंग के काम होंगे। अन्य चयनित गांवों में भी इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाएगा।
