छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 क्विंटल एनालॉग पनीर नष्ट किया है। राज्य में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगा हुआ है। यह खेप भोपाल से रायपुर भेजी जा रही थी, लेकिन खैरागढ़ में चेकिंग के दौरान इसे जब्त कर लिया गया था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे के अनुसार, गुरुवार को साल्हेवारा चेकपोस्ट पर भोपाल से रायपुर जा रहे एक वाहन से 50-50 किलो के 30 बॉक्स एनालॉग पनीर जब्त किए गए थे। जांच में बॉक्स पर बैच नंबर, निर्माण और अवसान तिथि अंकित नहीं मिली थी। शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस जवानों की मौजूदगी में जेसीबी से गड्ढा खोदकर पनीर को जमीन के नीचे दबा दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पनीर का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए उच्च कार्यालय भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद क्रेता बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर और विक्रेता माखन डेयरी, भोपाल पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों फर्म पनीर को अपना बताने से इनकार कर रही हैं, हालांकि वाहन चालक के बिल में विक्रेता के रूप में माखन डेयरी, भोपाल और क्रेता के रूप में श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर का नाम दर्ज है। दोनों राज्यों में एनालॉग पनीर की बिक्री प्रतिबंधित है, ऐसे में इसकी सप्लाई क्यों हुई, इसकी जांच की जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार ने उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूरी तरह रोक लगा रखी है। इसके बाद भी नकली पनीर को बाजारों में खपाने की कोशिशें हो रही हैं, जिसे लेकर खाद्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
