सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन बना रहेगा। लखनऊ में संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी नेताओं को नसीहत दी कि कोई भी नेता अहंकार न पाले और सपा के साथ तालमेल बनाकर चले, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराना है। उन्होंने कहा कि आपसी लड़ाई से हम जीत से दूर होंगे और हमें अपनों से नहीं, बाहर के दुश्मनों से लड़ना है।

खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने डा. भीम राव आंबेडकर को संविधान सभा में शामिल कराया था और बाबा साहेब द्वारा तैयार संविधान के अनुसार सभी नागरिकों को वोट का अधिकार दिलाया था, लेकिन भाजपा उसे छीन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी के साथ श्रीराम के नाम पर आने वाला चंदा चोरी भी कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन भाजपा को हराने के लिए हुआ है, जबकि भाजपा और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार का गठबंधन वोट चोरी के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने निडर होकर हर मोर्चे पर भाजपा को घेरा है और आज भाजपा जिससे डरती है तो राहुल से।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ‘अबकी बार 400 पार’ कहती थी, लेकिन उत्तर प्रदेश के लोगों ने संविधान की रक्षा के लिए भाजपा के अश्वमेध यज्ञ के रथ को रोक दिया। महंगाई और बेरोजगारी का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि आम नागरिक परेशान है और भाजपा के खाते में 10 हजार करोड़ रुपये आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ईडी और सीबीआइ का इस्तेमाल कर डकैती डाल रही है। 47 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि देश को डर नहीं, भरोसा और बराबरी का सम्मान चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डर के कारण मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी और यहां की सरकार का डबल इंजन कमजोर हो गया है।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और बृज लाल खाबरी सहित तमाम नेताओं ने संबोधित किया। संबोधन के बाद खरगे संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए बिना पार्टी मुख्यालय से चले गए, जबकि इमरान भी मार्च में शामिल नहीं हुए। खरगे के जाने के बाद आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में निकाले गए ‘संविधान रक्षा मार्च’ को पुलिस ने पार्टी मुख्यालय से 100 मीटर की दूरी पर रोक दिया और करीब आधे घंटे तक पुलिस व कांग्रेस नेताओं में धक्का-मुक्की होती रही। जिला प्रशासन की अनुमति के बिना मार्च निकालने को लेकर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व प्रभारी सहित तमाम नेताओं को हिरासत में ले लिया।