संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा मार्ग पर आंबेडकर महासभा के कार्यालय जाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से निकाले गए संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए। मार्च में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहे।
आंबेडकर महासभा के कार्यालय में खरगे के साथ राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और पार्टी के प्रदेश संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। खरगे ने यहां मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के शिलालेख का उद्घाटन किया और रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
जिला प्रशासन ने हजरतगंज और माल एवेन्यू को संवेदनशील क्षेत्र घोषित कर मार्च की अनुमति नहीं दी थी। इस पर पार्टी ने पहले मार्च रद कर मुख्यालय में ही कार्यक्रम करने की घोषणा की, लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस के इस निर्णय पर नाराजगी जताई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने मार्च निकालने का एलान किया और कहा कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है, फिर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में मार्च निकाला जाएगा।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने 16 नवंबर को दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस को संविधान दिवस पर मार्च निकालने के निर्देश दिए थे। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के अनुसार पार्टी ने मार्च में 40 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी की थी, लेकिन अब 10 हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ ही जुटाई जा रही है। खरगे 12 बजकर 40 मिनट पर आंबेडकर महासभा के कार्यालय पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दोपहर एक से तीन बजे तक मार्च में शामिल होने का कार्यक्रम तय किया गया।
