खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती राजेंद्र चौहान की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। यह मामला चर्चा में इसलिए है क्योंकि चार दिन पहले पुलिस ने उन्हें मृत बता दिया था, जबकि उस समय वह जीवित थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर अंतिम संस्कार किया गया।

जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया के अनुसार राजेंद्र को करीब एक महीने पहले महेश्वर से गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। पहचान न होने पर उन्हें अज्ञात मरीज के रूप में आईसीयू में भर्ती किया गया। बाद में वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान ने उन्हें पहचाना। 19 नवंबर को छुट्टी के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा भर्ती करना पड़ा।

आरोप है कि 22 नवंबर को अस्पताल पुलिस चौकी पर तैनात प्रधान आरक्षक वहाब खान ने संदेश ठीक से पढ़े बिना राजेंद्र की मौत की सूचना चंदन चौहान को दे दी, जिसकी अस्पताल प्रबंधन से पुष्टि नहीं की गई। कंट्रोल रूम के दो पुलिसकर्मियों ने भी यही सूचना परिजनों तक पहुंचाई। इसके बाद 23 नवंबर को खरगोन, बड़वानी और खंडवा सहित कई क्षेत्रों से परिजन और समाजजन अंतिम संस्कार के लिए जुट गए, तभी पता चला कि राजेंद्र जीवित हैं। चंदन चौहान ने एसपी से गलत सूचना देने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

एसपी रविंद्र वर्मा ने मामले की जांच खरगोन एसडीओपी सौरभ तोमर को सौंपी है। प्रधान आरक्षक वहाब खान सहित जितेंद्र रावत और माधव सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।