खरखौदा के थाना कला चौक पर पेयजल आपूर्ति लाइन के वाल्व में लीकेज के कारण पिछले कई दिनों से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। वाल्व से लगातार पानी निकलने के बावजूद जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे ठीक कराने की पहल नहीं की गई, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
वाल्व से बहकर आया पानी आसपास की दुकानों के सामने जमा हो जाता है। इससे दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों तक आने-जाने में परेशानी हो रही है, वहीं चौक से गुजरने वाले राहगीरों को भी जमा पानी के बीच से निकलना पड़ता है। वाहनों की आवाजाही से पानी इधर-उधर फैल जाता है और रास्ते पर असुविधा बनी रहती है।
स्थानीय दुकानदार विजय, कोमल, सुंदर और दिलबाग के अनुसार यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है। वाल्व से लगातार पानी बहने के बावजूद लीकेज को ठीक नहीं किया गया है, जिससे रोजाना बड़ी मात्रा में पेयजल नालियों और सड़क पर बहकर व्यर्थ हो रहा है। दुकानदारों ने सवाल उठाया है कि सार्वजनिक स्थान पर कई दिनों से हो रही पानी की बर्बादी विभाग के कर्मचारियों के संज्ञान में क्यों नहीं आई।
जन स्वास्थ्य विभाग की एसडीओ सुदेश कुमारी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और कर्मचारियों को इसे ठीक करने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर वाल्व ठीक नहीं होता है तो उसे बदलने को भी कहा गया है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और दुकानदारों व राहगीरों को राहत मिल सके।
