देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ किरण बेदी को राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद यानी एनसीटीई ने राष्ट्रीय मेंटर के रूप में शामिल किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की मेंटरिंग इनिशिएटिव फॉर टीचिंग, रिसर्च एंड असेसमेंट (मित्रा) पहल के तहत सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के शिक्षकों को अनुभवी शिक्षाविदों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिष्ठित हस्तियों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

जानकारी के मुताबिक, इसके माध्यम से ऑनलाइन संवाद के जरिए शिक्षकों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि उनके शिक्षण कौशल, व्यावसायिक दक्षता और विद्यार्थियों को सिखाने के परिणामों में सुधार किया जा सके। इस पहल से जुड़ने पर किरण बेदी ने कहा है कि यह सेवानिवृत्त अधिकारियों, अनुभवी पेशेवरों और वरिष्ठ शिक्षाविदों के लिए अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से समाज को योगदान देने का विश्वसनीय मंच है। उन्होंने शिक्षकों को केंद्र में रखकर तैयार की गई इस पहल की सराहना भी की है।

गौरतलब है कि किरण बेदी भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने वाली देश की पहली महिला थीं। उन्होंने 1972 में आईपीएस जॉइन किया था और अपने पुलिस करियर के दौरान नारकोटिक्स अधिकारी से लेकर आतंकवाद विशेषज्ञ तक कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। उन्हें भारत में जेलों की स्थिति में सुधार लाने में बड़ी भूमिका के लिए जाना जाता है। पुलिस सेवा में आने से पहले वे एक कुशल टेनिस खिलाड़ी रहीं और उन्होंने कई एशियाई चैंपियनशिप जीतीं। उन्होंने अंग्रेजी में स्नातक, राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर, कानून की डिग्री और नशीली दवाओं के दुरुपयोग तथा घरेलू हिंसा के विषय में पीएचडी हासिल की है।

2003 में बेदी संयुक्त राष्ट्र नागरिक पुलिस सलाहकार में नियुक्त होने वाली पहली महिला और पहली भारतीय बनीं। वे नवज्योति और इंडिया विजन फाउंडेशन नाम के दो सरकारी संगठन भी चलाती हैं, जिनकी स्थापना प्राथमिक शिक्षा और साक्षरता का स्तर बढ़ाने तथा कैदियों के पुनर्वास के लिए की गई थी। उन्हें देश और विदेश में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 2016 से 2021 तक उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की उपराज्यपाल के तौर पर भी काम किया।