किशनगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस के एस-3 स्लीपर कोच से 58.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। सीट के नीचे लावारिस हालत में मिले 48 पैकेट में रखी इस खेप की अनुमानित कीमत 29 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

कटिहार से आरपीएफ को सूचना मिली थी कि डिब्रूगढ़ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 15946 डाउन के एस-3 कोच में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर आरपीएफ किशनगंज के अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एचपी सिंह और कांस्टेबल पी कुमार की टीम सक्रिय हुई।

गुरुवार को ट्रेन के किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचते ही टीम ने एस-3 कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सीट के नीचे लावारिस हालत में रखे 48 पैकेट मिले। जांच में सभी पैकेटों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 58.6 किलोग्राम निकला। बरामद गांजे को प्लेटफॉर्म पर उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां कटिहार से पहुंचे सहायक अवर निरीक्षक एस घोष और कांस्टेबल अमित कुमार की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार की गई।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना सौंप दिया गया। रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि गांजा बरामदगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप किसने ट्रेन में रखी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।