उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किश्तवाड़ में सुरक्षा ग्रिड मजबूत करने और आतंकी तथा अलगाववादी तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। जम्मू में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल आतंकियों के खात्मे तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करना होगा। यह समीक्षा किश्तवाड़ में 12 नवंबर को दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के बलिदान के बाद हुई। उन्होंने कहा कि एसपीओ का बलिदान जाया नहीं जाएगा।
उपराज्यपाल ने आतंकी भर्ती की साजिश विफल करने और इसमें शामिल तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने आतंकियों के ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क पर प्रहार जारी रखने और खुफिया तंत्र को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि कश्मीर में फिलहाल एक भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है, जो बड़ी सफलता है, लेकिन किसी स्थानीय युवक को आतंकी बनने से रोकना चुनौती है।
समीक्षा बैठक में उपराज्यपाल ने सर्दियों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने, आतंकियों व अलगाववादी तत्वों की संपत्तियों की कुर्की और जब्ती को प्राथमिकता देने तथा हर जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अतिक्रमण पर कड़ी नजर रखने, नार्को-आतंकवाद का नेटवर्क खत्म करने तथा नशा तस्करी, अवैध खनन और गोवंश तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए। फर्जी खबरों से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त इंटरनेट मीडिया सेल बनाने तथा जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की जवाबदेही तय करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव चंद्राकर भारती, विशेष पुलिस महानिदेशक (समन्वय) एसजेएम जिलानी, जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक तरजिंदर सिंह, मंडलायुक्त विकास कुंडल सहित रेंज के डीआईजी, उपायुक्त, एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपराज्यपाल ने 'नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस की सराहना की और इसे पूरी गति से जारी रखने को कहा। इससे पहले किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार ने क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल के साथ उपराज्यपाल से मुलाकात कर दूरदराज क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने सहित कई मुद्दे उठाए थे।
