जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों की गोली से मारे गए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के शव डंपर में लाने के आरोप लगे हैं। भाजपा विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया है कि दोनों पुलिसकर्मियों के शव बिना ताबूत के डंपर में रखकर उनके गांव लाए गए, जो शहीदों का अपमान है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विधायक शवों को लाने के तरीके पर पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाती दिख रही हैं।
शुक्रवार को रशपाल सिंह और बॉबी चंद का उनके पैतृक गांव डच्छन के केयार में अंतिम संस्कार किया गया। दोनों बुधवार से लापता थे और गुरुवार सुबह देहरना जंगल से करीब दो किलोमीटर दूर उनके शव मिले थे। शवों पर गोलियों के कई निशान थे और उनकी सर्विस राइफल भी गायब थी।
कांग्रेस ने भी आरोप लगाया है कि दोनों शहीद SPO के पार्थिव शरीर बिना ताबूत के डंपर में घर पहुंचाए गए। पार्टी का कहना है कि ग्रामीणों को खुद स्ट्रेचर और सफेद कपड़े का इंतजाम करना पड़ा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार शहीदों का अपमान करने से भी नहीं चूक रही है।
मूल खबर के मुताबिक, 11 नवंबर की दोपहर मरवाह के देहरना जंगल में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी थीं, जिसके बाद से दोनों SPO लापता थे। गुरुवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों के शव गोलियों से छलनी मिले। उनके पास 60 राउंड वाली एक इंसास राइफल और 50 राउंड वाली एक 303 राइफल थी, और दोनों हथियार गायब थे।
