जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) की हत्या के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया था कि दोनों की हत्या का आदेश एक मस्जिद से जारी हुआ था। इस आरोप को किश्तवाड़ की जामा मस्जिद के इमाम और 'इस्लामी मरकज-ए-मजलिस शूरा' के चेयरमैन फारूक किचलू ने सिरे से खारिज कर दिया है।
किचलू ने शुक्रवार की नमाज के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने जिले के इमामों से बात की और यह दावा झूठा निकला। उन्होंने बताया कि वह किश्तवाड़ की 601 मस्जिदों के इमामों के चेयरमैन हैं और उनके सूत्रों से भी इस बात की पुष्टि हुई कि मस्जिद से हत्या का आदेश देने जैसी कोई बात नहीं हुई।
इमाम ने बताया कि उनके एक छात्र ने उन्हें जानकारी दी कि जिस व्यक्ति ने सबसे पहले यह आरोप लगाया था, वह उनसे मिलना चाहता है। इमाम ने उस व्यक्ति की पहचान नहीं बताई। उनके अनुसार, छात्र ने बताया कि उस व्यक्ति को अपनी गलती का एहसास हो गया है। इमाम ने कहा कि उन्होंने उससे सोशल मीडिया पर माफी मांगने को कहा, जिससे मामला खत्म हो जाए। उन्होंने कहा कि वह सांप्रदायिक सद्भाव के पक्षधर हैं और विधायक की टिप्पणियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के सुझावों का विरोध किया था।
विधायक शगुन परिहार ने SPO बाबी चंद और रशपाल कुमार की हत्या के बाद यह भी दावा किया था कि इन दोनों अधिकारियों के रास्ते की जानकारी आतंकियों को लीक कर दी गई थी। पिछले हफ्ते पोस्ट किए गए एक वीडियो में कुछ अज्ञात स्थानीय लोग विधायक के सामने मस्जिद से ऐलान का आरोप लगाते हुए दिखे थे। गुरुवार को विधायक दचन के लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल को लेकर उपराज्यपाल मनोज सिना के पास गई थीं। दचन में ही दोनों एसपीओ रहते थे। विधायक ने शुक्रवार देर शाम तक इमाम के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
