किश्तवाड़ में आतंकी हमले में बलिदान हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के परिवारों को कुल 73-73 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोनों परिवारों के लिए 11-11 लाख रुपये की विशेष सहयोग राशि देने की घोषणा की है, जिसमें से प्रत्येक परिवार को साढ़े पांच-साढ़े पांच लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा दोनों परिवारों को अन्य वित्तीय लाभ देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार सहायता राशि में 17.50-17.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि, जम्मू-कश्मीर बैंक के माध्यम से 35-35 लाख रुपये का समूह दुर्घटना बीमा तथा 15-15 लाख रुपये का अतिरिक्त मृत्यु कवर शामिल है। दोनों शहीद एसपीओ के अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को पहले ही 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी जा चुकी थी। अब इस मद में कुल एक लाख रुपये की राशि एसपीओ के अंशदायी कल्याण कोष से जारी करने की मंजूरी दी गई है। एसएसपी किश्तवाड़ को आवश्यक प्रमाणित दस्तावेजों के साथ पूरा प्रोफार्मा जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नियमों के तहत दोनों परिवारों को अन्य वित्तीय लाभ भी प्रदान किए जा सकें।
दच्छन तहसील में तैनात एसपीओ रछपाल कुमार (45) और एसपीओ भाबी चंद (57) 11 नवंबर को आतंकियों के हमले में बलिदान हो गए थे, जिसके बाद दोनों के शव बरामद हुए थे। दोनों दच्छन क्षेत्र के ऊपरी इलाके में स्थित क्याड़ गांव में तैनात थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों एसपीओ गांव से मरवाह के धरना स्थित राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थायी ऑपरेशन बेस की ओर जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, जंगलों से गुजरते समय दोनों से संपर्क टूट गया, क्योंकि मोबाइल नेटवर्क की सुविधा न होने के कारण इस इलाके को "शैडो जोन" कहा जाता है।
दोपहर तक दोनों एसपीओ के ऑपरेशन बेस नहीं पहुंचने पर अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान दोनों के शव बरामद किए गए। क्षेत्र में 26 साल बाद एसपीओ की हत्या की यह पहली ऐसी घटना बताई गई है।
