तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। टीवीके यानी तमिलगा वेत्री कझगम के विधायक वीएस बाबू के निधन से यह सीट खाली हुई है। वीएस बाबू ने पिछले विधानसभा चुनाव में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को 8,795 वोटों से हराया था। उन्हें 82,997 और स्टालिन को 74,202 वोट मिले थे। इस जीत के साथ ही 2011 से कोलाथुर पर स्टालिन की लगातार जीत का सिलसिला टूटा था। उस चुनाव में डीएमके को सत्ता भी गंवानी पड़ी थी और अभिनेता से नेता बने विजय की नई पार्टी टीवीके सत्ता में आई थी।
वीएस बाबू के निधन के बाद डीएमके के कुछ नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि स्टालिन इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ें। पार्टी सांसद सी रविंद्रन ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह स्टालिन के हाथ में है। उन्होंने कहा, "यह हमारे नेता का निर्वाचन क्षेत्र है। फैसला उनका है और केवल वही इस पर निर्णय ले सकते हैं। डीएमके कार्यकर्ता के तौर पर हम चाहेंगे कि वह चुनाव लड़ें, लेकिन अंतिम फैसला हमारे नेता ही करेंगे।"
वीएस बाबू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत डीएमके से की थी और चेन्नई (उत्तर) जिले के सचिव भी रहे। 2006 में वह पुरासावलकम सीट से विधायक चुने गए और 2011 तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उन्होंने डीएमके छोड़कर एआईएडीएमके का दामन थामा और विधानसभा चुनाव से पहले विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए।
कोलाथुर का उपचुनाव डीएमके और टीवीके दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। डीएमके के पास विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का मौका होगा, लेकिन स्टालिन के चुनाव लड़ने और फिर हारने पर पिछली हार का असर और गहरा सकता है। टीवीके के लिए यह सीट बरकरार रखना चुनौती होगी, क्योंकि उपचुनाव यह भी परखेगा कि विजय की पार्टी अपना चुनावी समर्थन बनाए रखने में कितनी सफल रहती है।
