पश्चिम बंगाल के नरेंद्रपुर में स्कूल में गर्म चाय पीने से 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौत के मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोई नया निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया है। मृतक के पिता मनोरंजन महता ने पारदर्शी जांच और रिटायर जज के नेतृत्व में कमेटी बनाने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। मामले की सुनवाई कर रहे जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस ने जांच कर चार्जशीट दाखिल कर दी है, इसलिए अदालत कोई निर्देश जारी नहीं करेगी। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को कानूनी रास्ता सुझाया कि यदि वह पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 193 (9) के तहत संबंधित जज से आगे की जांच की मांग कर सकते हैं।
याचिका के अनुसार 30 जून 2026 को हुई इस घटना में 12वीं कक्षा के छात्र ने लंच के समय स्कूल में चाय पी थी, जिसके बाद उसमें बीमारी के लक्षण दिखने लगे थे। याचिकाकर्ता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही उसे अस्पताल भिजवाया। उनका आरोप है कि स्कूल ने देर से जानकारी दी और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। स्कूल के वकील ने तर्क दिया कि बच्चे को अस्पताल ले जाया गया था और वहां उसकी मौत हुई। इस पर जस्टिस सौगत ने सवाल किया कि बच्चे के पिता के आने का इंतजार क्यों किया गया और उसे पहले अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि लड़के की ऊपरी श्वसन मार्ग और ऊपरी भोजन की नली के बड़े हिस्से में जलने के निशान थे तथा गर्मी से गले में सूजन आ गई थी, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हुई। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराने से इनकार किया, जबकि राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि फुटेज सुरक्षित कर ली गई है। कोर्ट ने कहा कि वह कोई नया निर्देश नहीं दे रहा, लेकिन याचिकाकर्ता न्यायिक रूप से कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है।
