कोरबा के ग्राम आमाटिकरा में ढाई माह की बेटी की मौत का सदमा सह न पाने पर 10 वर्षीय रूपकुंवर ने फांसी लगा ली। माता-पिता अस्पताल से छोटी बेटी का शव लेकर घर पहुंचे तो बड़ी बेटी कमरे में फंदे पर लटकी मिली। एक ही दिन में परिवार ने दो बेटियां खो दीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम आमाटिकरा में रहने वाले सुखीराम रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी तीन बेटियां थीं—दस वर्षीय रूपकुंवर, साढ़े तीन वर्ष की रागिनी और ढाई माह की रानी। पिछले कुछ दिनों से रानी सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थी। स्थानीय अस्पताल और पोंड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर गुरुवार रात उसे मेडिकल कालेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की सूचना पिता ने फोन पर घर दी थी। छोटी बहन से गहरा लगाव रखने वाली रूपकुंवर को इसकी भनक लग गई। माता-पिता मुक्तांजलि वाहन से रानी का शव लेकर घर पहुंचे तो कमरे में रूपकुंवर फंदे पर लटकी मिली और पास ही मंझली बहन रागिनी बैठी थी। स्वजन ने वाहन चालक की मदद से उसे नीचे उतारा और पोंड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में रूपकुंवर के छोटी बहन से गहरे लगाव की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि रानी की मौत की खबर से वह गहरे सदमे में आ गई थी, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर रूपकुंवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम तक पोस्टमार्टम न होने से स्वजन शव की प्रतीक्षा करते रहे और बिना शव के ही घर लौटे। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस की लिखा-पढ़ी में देरी को पोस्टमार्टम न होने की वजह बताया। जिला मेडिकल कालेज अस्पताल के मनोरोग विशेषज्ञ अंकित गुप्ता के अनुसार, किसी आकस्मिक और अप्रिय घटना की खबर से मानसिक आघात पहुंचता है, जिसे एक्यूट स्ट्रेस रिएक्शन या एक्यूट ग्रीफ रिएक्शन कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सात से 12 वर्ष के बच्चे मृत्यु को स्थायी घटना समझने लगते हैं, लेकिन भावनात्मक आघात से निपटने की क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होती। ऐसे में बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव को गंभीरता से लेना चाहिए और परिवार का भावनात्मक सहारा तथा जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श जरूरी है।
