गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का शनिवार को हरिद्वार के घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर सीएम योगी ने अश्रुपूरित नेत्रों से अपनी मां को अंतिम विदाई दी। मशहूर कवि कुमार विश्वास ने सीएम योगी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा कि सीएम योगी ने शंकराचार्य की परंपरा निभाई है।

कुमार विश्वास ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि भगवान आद्य शंकराचार्य जी ने समस्त भारत को सनातन धर्म की चेतना से जोड़ा और वे विरक्त संन्यासियों की पूरी परंपरा के सर्वाधिक मान्य, वरेण्य एवं पूज्य व्यक्तित्व हैं। वे भी अपनी आदरणीय मां के लौकिक शरीर के शांत होने पर संन्यासी होते हुए भी अपने गांव आए थे और अपने पुत्र धर्म का पालन किया था। राज धर्म का पालन करने वाले उत्तर प्रदेश के संन्यासी मुखिया ने भी उसी परंपरा को निभाते हुए अपने लौकिक शरीर को संसार के लिए प्रकट करने वाली पूज्य मां को कंधा देकर अपना पुत्रधर्म निभाया है।

कवि ने आगे लिखा है कि भगवा वस्त्र धारण कर जीवन को सेवा और लोककल्याण के लिए समर्पित कर देने वाले योगी आदित्यनाथ जी के जीवन में कल की रात निश्चित ही बहुत भारी रही होगी। मां को अंतिम विदाई देना, उन्हें कंधा देना और अश्रुपूरित नेत्रों से जीवन के इस अटल सत्य को स्वीकार करना किसी भी पुत्र के लिए अत्यंत कठिन क्षण होता है। लेकिन मां कभी दिवंगत नहीं होतीं। वे अपनी संतान के संस्कारों में, उसके व्यक्तित्व में, उसके संकल्पों में और उसके प्रत्येक सत्कर्म में सदैव जीवित रहती हैं।

कुमार विश्वास के शब्दों में, योगी जी के भगवा वस्त्रों में तपस्या का जो तेज है, उनके व्यक्तित्व में जो दृढ़ता है और जनसेवा के प्रति जो अटूट समर्पण है, उसमें भी एक मां के संस्कारों की छाया है। मां की स्मृतियां जीवन भर संबल बनकर साथ चलती हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।