प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र में बेंती में आयोजित बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा को लेकर राजनीतिक गलियारों में गरमाहट है। कथा के दौरान कई लोगों के हाथों में ऐसे पोस्टर देखे गए, जिनमें पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ को भारत का प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग दर्ज है। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहे हैं और लोग इनकी तरह-तरह से व्याख्या कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ये पोस्टर समर्थकों ने एआई की मदद से बनाए हैं।

कथा के आयोजक राजा भैया के समर्थकों का उत्साह बुलंदी पर बताया जा रहा है। भारी भीड़ को देखते हुए योगी आदित्यनाथ और राजा भैया के समर्थकों ने यह मांग भी रखी। आयोजन में हिंदुत्व और सनातन के पक्ष में जयकारे हुए और उसे मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया गया। कथा में मुस्लिम तुष्टीकरण को जवाब देने और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने पर भी जोर दिया गया।

इस आयोजन में पूर्वांचल के कई बाहुबली नेता एक मंच पर नजर आए, जबकि फिल्म और अध्यात्म जगत की हस्तियों का भी आगमन हुआ। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्पष्ट कहा था कि उन्होंने किसी के डर से नहीं, बल्कि इसलिए माफी मांगी ताकि सनातनी आपस में न टकराएं।