प्रतापगढ़ के कुंडा (बेंती) में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा अब धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर राजनीतिक विमर्श का केंद्र बन गई है। 17 से 19 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन के केंद्र में कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) हैं। कथा में प्रतिदिन करीब तीन लाख लोगों की उपस्थिति का अनुमान है।
कथा के मंच पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी, बाबा रामदेव, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, डॉ. रामशंकर कठेरिया, बृजभूषण शरण सिंह, धनंजय सिंह, निशिकांत दुबे, टी. राजा सिंह और रवींद्र सिंह भाटी समेत कई विशिष्टजन मौजूद रहे। पूर्वांचल के चर्चित बृजेश सिंह और पूर्व सांसद धनंजय सिंह का एक मंच पर दिखना तथा बृजभूषण शरण सिंह और योगगुरु रामदेव का गले मिलना चर्चा का विषय रहा। आयोजन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, क्षत्रिय समाज के प्रभावशाली चेहरों और विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी ने सामाजिक-राजनीतिक एकजुटता के संकेत दिए हैं। इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सवर्ण और क्षत्रिय नेतृत्व के बीच संवाद और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इसे किसी औपचारिक राजनीतिक गठबंधन का संकेत मानना जल्दबाजी होगी।
आयोजन का दूसरा पहलू अखिलेश यादव और रघुराज प्रताप सिंह के बीच उभरी सियासी तल्खी है। भगवान राम और कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर अखिलेश यादव की आपत्ति और कथा पर रोक लगाने की मांग के बाद रघुराज प्रताप सिंह की चुनौती ने विवाद को राजनीतिक रंग दे दिया। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कथा को राजनीतिक मंच बनाए जाने के आरोपों को विपक्ष का दृष्टिदोष बताया और कहा कि सभी को संस्कृति से जुड़ना चाहिए।
कुंडा की रामकथा के बहाने तीन संदेश एक साथ उभर रहे हैं। पहला, धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साझा मंच पर प्रभावशाली चेहरों का जुटान। दूसरा, सामाजिक समूहों के बीच एकजुटता और राजनीतिक संवाद की संभावनाएं। तीसरा, 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की तलाश। कथा का धार्मिक उद्देश्य अपनी जगह है, लेकिन मंच पर जुटी राजनीतिक हस्तियों और उनके बीच बनते संवाद ने इसे सनातन की एकजुटता के साथ राजनीतिक शक्ति के प्रदर्शन का मंच भी बना दिया है।
