दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में 22 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 12 करोड़ 78 लाख 62 हजार रुपये की लागत से बनी 15 सड़क और पुल परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। यह लोकार्पण दरभंगा में आयोजित तीन दिवसीय 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के अवसर पर होगा। परियोजनाओं में कुशेश्वरस्थान प्रखंड की छह और कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड की नौ योजनाएं शामिल हैं, जिनमें कमला नदी पर बने दो उच्चस्तरीय आरसीसी पुल भी हैं।

कुशेश्वरस्थान प्रखंड में 603.31 लाख रुपये की लागत से कमला नदी पर सोहरबा से गोपालपुर पथ में आरसीसी पुल बनाया गया है। इसके अलावा 313.07 लाख रुपये से पंचायत सरकार भवन बड़गांव, 150.91 लाख रुपये से सतीघाट पीएनबी से हिरणी होते हुए पारो पीडब्ल्यूडी तक पक्की सड़क, 85.38 लाख रुपये से कटवारा पुल से आसो पुल तक सड़क, 74.53 लाख रुपये से वाटर वेज से परकोलिया पथ तथा 50.35 लाख रुपये से पकाही से पकाही भगवती स्थान तक सड़क का निर्माण पूरा हुआ है।

कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में 488.71 लाख रुपये की लागत से कमला नदी पर सुघराईन से जिरौना, बाघमारा और नवटोलिया रोड में उच्चस्तरीय पुल बनाया गया है। यहां समौरा में मध्य विद्यालय से नदी किनारे तक सड़क पर 200.45 लाख रुपये, बाघमारा गोल्की चौक से चचरी पुल तक सड़क पर 143.03 लाख रुपये और फकदोलिया में बजरंगबली मंदिर से ब्रह्मदेव शर्मा के घर होते हुए एसएच-56 तक सड़क पर 120.80 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसके अतिरिक्त समौरा में भगवती स्थान से हरि सदा के घर तक 76.22 लाख रुपये, धोबलिया से फकदोलिया तक 71.32 लाख रुपये, उसरी घाट में राजकिशोर साफी के घर से मध्य विद्यालय समौरा तक 70.67 लाख रुपये, उच्च विद्यालय सुघराईन से प्राथमिक विद्यालय तक 54.88 लाख रुपये और फकदोलिया रामनगर में निलू प्रसाद के घर से नया टोला एसएच-56 तक 52.54 लाख रुपये की लागत से सड़क बनी है।

लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को इन पुलों और सड़कों से राहत मिलने की उम्मीद है। बरसात के दिनों में नदी और जलजमाव के कारण होने वाली परेशानियां कम होंगी और गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय व प्रमुख सड़कों से बेहतर होगा। लोकार्पण के अवसर पर सभी निर्माण स्थलों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उद्घाटन की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इन परियोजनाओं से दर्जनों गांवों के आवागमन में सहूलियत के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।