देश के नॉन-अल्कोहलिक बेवरेज बाजार में देसी जीरा सोडा की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस बदलाव का सबसे बड़ा चेहरा 'लाहौरी जीरा' है, जिसकी शुरुआत पंजाब के तीन चचेरे भाइयों सौरभ मुंजाल, निखिल डोडा और सौरभ भुटना ने 2016 में घर के किचन में किए गए एक प्रयोग से की थी। काला नमक, जीरा पाउडर और नींबू के रस से तैयार इस देसी ड्रिंक को 2017 में 'लाहौरी जीरा' के नाम से बाजार में उतारा गया। ब्रांड का नाम लाहौर से प्रेरित है, जो वाघा-अटारी सीमा से करीब 50-55 किमी दूर है और विभाजन से पहले की साझा पंजाबी संस्कृति की याद दिलाता है।

160 एमएल की बोतल 10 रुपये की किफायती कीमत पर बेचकर ब्रांड ने टीयर-2, टीयर-3 शहरों और ग्रामीण बाजारों में पैठ बनाई। कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2023-24 के 312 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 775 करोड़ रुपये तक पहुंच गया और अब यह इस साल करीब 1,112 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने की तैयारी में है।

कोटक म्यूचुअल फंड की एक रिपोर्ट के अनुसार, लाहौरी जीरा, कैंपा जीरा, ढिशूम और फिज जीरा जैसे देसी ब्रांड्स ने मिलकर कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक मार्केट में अपनी हिस्सेदारी लगभग दोगुनी कर 15 फीसदी तक पहुंचा दी है, जिससे कोका-कोला और पेप्सीको की संयुक्त हिस्सेदारी 93 फीसदी से घटकर 85 फीसदी रह गई है। ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर इस गर्मी में जीरा सोडा के ऑर्डर में 900 फीसदी तक का उछाल देखा गया है।

मूल कंपनी 'आर्कियन फूड्स' ने पिछले साल अपनी प्रोडक्शन कैपिसिटी दोगुनी कर 12 लाख बोतल रोजाना कर दी है, फिर भी सीईओ सौरभ मुंजाल के मुताबिक मांग के मुकाबले सप्लाई कम पड़ रही है। मई 2025 में मोतीलाल ओसवाल वेल्थ से 200 करोड़ रुपये का निवेश जुटाने के बाद कंपनी का वैल्यूएशन 2,800 करोड़ रुपये हो गया है और इसमें 1,800 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं। कंपनी ने जीरा के अलावा शिकंजी, कच्चा आम, इमली बंटा और 'जीरो-शुगर' वेरिएंट भी उतारे हैं। जानकारों के मुताबिक, बढ़ती पैकेजिंग लागत और कोका-कोला व पेप्सी जैसी कंपनियों की आक्रामक वापसी के बीच इन देसी ब्रांड्स के सामने आगे की राह चुनौतियों भरी है।