बाढ़ कोर्ट में गुरुवार को हत्या के मामले में पेशी पर लाए गए राजद के पूर्व प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया ने मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह की बेटी की शादी पर शुभकामनाएं दीं। मीडियाकर्मियों के सवाल पर उन्होंने कहा, 'सदा खुशहाल रहे।' पुराने संबंधों के कारण उनका यह बयान चर्चा का विषय बना।
बाढ़ थाना कांड संख्या 98/23 के मामले में लल्लू मुखिया को कड़ी सुरक्षा के बीच भागलपुर जेल से बाढ़ न्यायालय लाया गया था। पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने सहजता से बधाई देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। गौरतलब है कि लल्लू मुखिया और मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह के बीच पूर्व में नजदीकी संबंध रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी 2023 को बिंद थाना क्षेत्र के दुल्लापुर निवासी कमलेश प्रसाद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना दोपहर करीब एक बजे हुई थी। मृतक के पुत्र कुमार गौरव के लिखित आवेदन के आधार पर बाढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इस मामले में लल्लू मुखिया की अब तक कई बार न्यायालय में पेशी हो चुकी है। वह पूर्व में भी कई बार न्यायालय पर पूरा भरोसा जताते हुए कह चुके हैं कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।
