मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में लोकमंथन-2026 की स्वागत समिति की बैठक को अध्यक्ष के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकमंथन भारत की सांस्कृतिक चेतना और लोकजीवन की परंपराओं का उत्सव है और राजस्थान की धरा पर इसका आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में सांस्कृतिक पहचान और मूल्यों को संरक्षित करना आवश्यक है, और इस कार्यक्रम से देशभर के विचारकों, विद्वानों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विचार-विमर्श का साझा मंच मिलेगा।

सीएम ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक मांगलिक और धार्मिक आयोजन के पीछे विशेष उद्देश्य और सामाजिक संदेश होता है। उन्होंने विवाह की परंपरा का उदाहरण देते हुए कहा कि बहन-बेटियों द्वारा देहरी पूजन की परंपरा परिवार और समाज के बीच संबंधों को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समय के साथ अनेक लोक परंपराएं और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां विस्मृत होती जा रही हैं, इसलिए इन्हें समझने, संजोने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकमंथन का मूल भाव राष्ट्र प्रथम के विचार को केंद्र में रखते हुए गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और ज्ञान विरासत को आगे बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कर्तव्य पथ, नए संसद भवन और सेवा तीर्थ जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 30 मार्च की जगह प्रतिवर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाने की शुरुआत की है और माउण्ट आबू का नाम आबूराज किया है। इसके अलावा वेद विद्यालयों के अध्यापकों का मानदेय बढ़ाया गया और गौ संरक्षण के लिए गौशालाओं को करीब 4 हजार करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। उन्होंने कहा कि ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ राज्य सरकार ने शेखावाटी की 660 से अधिक हवेलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसके लिए प्रवासी राजस्थानियों का सहयोग लिया जाएगा। इस उद्देश्य से आगामी प्रवासी दिवस (10 दिसंबर) के अवसर पर 8 दिसंबर को शेखावाटी में हेरिटेज मीट का आयोजन किया जाएगा।

स्वागत समिति के महासचिव एवं प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन लोकजीवन और भारतीय ज्ञान परंपरा के विमर्श का राष्ट्रीय मंच है। उन्होंने कहा कि लोकमंथन-2026 से पूर्व राजस्थान के विभिन्न अंचलों में एक व्यापक यात्रा निकाली गई, जिसके अंतर्गत ‘ग्राम दर्शन’ जैसे कार्यक्रम संपन्न हुए, और अब तक बड़ी संख्या में युवाओं का पंजीकरण हो चुका है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने लोकमंथन-2026 के आयोजन स्थल पर विधिवत भूमि पूजन किया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में पूर्णाहुति अर्पित की। ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन-2026 का आयोजन जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में 4 से 6 दिसंबर तक किया जाएगा। बैठक में आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार सहित संत-महंत एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।