संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के बैनर तले संयुक्त रैली को संबोधित किया। रैली में दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। मंच पर पहुंचे दोनों नेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया गया और उन्होंने हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने चुटकी ली और कहा कि बाबा बहुत दिन तक नहीं रहने वाले हैं। साथ ही ओवैसी ने इस बार चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का सीएम बनाने का दम भरा। बताया जा रहा है कि लखनऊ में तीसरे मोर्चे असपा ने इस रैली के जरिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है।
हालांकि, रैली को लेकर जो दावे किए गए थे, वे पूरे नहीं हो पाए। असपा गठबंधन का दावा था कि रैली में उनके 5 लाख समर्थक इकट्ठा होंगे, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रैली में करीब एक लाख लोग ही इकट्ठा हो पाए।
