अपने विधायक पर लगे गंभीर आरोपों को नजरअंदाज करने का मामला अब थलपति विजय की सरकार के लिए मुश्किल खड़ी कर रहा है। मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार को तगड़ी फटकार लगाई। अदालत ने TVK विधायक पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों से निपटने के सरकार के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए और यह तक कह दिया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि सरकार आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है।

यह मामला तब सामने आया जब तमिलागा वेत्री कड़गम (TVK) के विधायक सी अरुण विग्नेश पर कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगे। यह मामला करीब तीन महीने पुराना है। खबर सामने आते ही राज्य में बवाल मच गया। डीएमके सांसद कनिमोझी ने इस पर घोर आपत्ति जताई, जबकि डीएमके और AIADMK ने बीते 12 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायतें दर्ज कराईं। विपक्षी दलों के साथ कांग्रेस ने भी जांच की मांग की। आरोपी विधायक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता ने सोमवार को जिले के पुलिस अधीक्षक के पास खुद शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अदालत ने सरकार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सवाल उठाया कि क्या सरकार किसी को बचा रही है। हाईकोर्ट ने पूछा कि महीनों पहले मामले की जानकारी मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। शिकायत से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने पूरे मामले की जांच के लिए सरकार को एक कमिटी बनाने का आदेश दिया। अदालत ने 31 जुलाई को मामला सामने आने के बाद हुई कार्रवाई पर जवाब मांगते हुए कहा कि सरकार खुद पहल करके कदम क्यों नहीं उठा सकती।

हाईकोर्ट ने महिला कलेक्टर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल पूछे और कहा कि यौन उत्पीड़न से सुरक्षा महिला के पद के आधार पर तय नहीं हो सकती। अदालत ने कहा कि मुख्य सचिव हो या सफाईकर्मी, हर महिला को सुरक्षा मिलनी चाहिए। कोर्ट ने सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान उजागर होने पर भी नाराजगी जताई। राज्य सरकार ने कहा कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी शेयर होने से नहीं रोक सकती, लेकिन अदालत इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुई और कहा कि प्लेटफॉर्म्स को कंट्रोल न कर पाना कार्रवाई न करने का बहाना नहीं हो सकता।