माघ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में करीब 450 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार सॉफ्टवेयर के जरिए इन कैमरों में एआई तकनीक इनबिल्ट की जाएगी, जिससे रियल टाइम अलर्ट मिल सकेगा। इससे भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और किसी अन्य स्थिति में तत्काल कार्रवाई में मदद मिलेगी। सभी कैमरे मेला क्षेत्र के कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे, जहां से पुलिसकर्मी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों, कल्पवासियों और पर्यटकों के आने का अनुमान है। एआई कैमरों की मदद से भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्ट करने और संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तुरंत कदम उठाए जा सकेंगे। मेले के प्रवेश और निकास द्वार पर भी एआई कैमरों का सहारा लिया जाएगा। संगम क्षेत्र, झूंसी, नागवासुकी, बड़े हनुमान मंदिर और त्रिवेणी रोड पर भीड़ का दबाव अधिक रहने को देखते हुए इन इलाकों पर विशेष जोर दिया गया है।
मेला क्षेत्र के विस्तार और श्रद्धालुओं के निजी वाहनों से आगमन को ध्यान में रखते हुए पुलिस अपनी योजना में बदलाव कर रही है। परेड मैदान के साथ अब झूंसी में भी एक ट्रैफिक पुलिस लाइन बनाई जाएगी, जिससे मेला अवधि में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव के अनुसार मेला क्षेत्र में लगने वाले सभी सीसीटीवी को एआई से लैस किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट को बेहतर बनाने में आसानी होगी तथा कंट्रोल रूम से गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
