माघ मेला 2027 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज रेल मंडल 72 मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। रेलवे ने जनवरी से छह मार्च तक यह व्यवस्था बनाई है। इसके अलावा संगम स्नान के बाद यात्रियों को अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट और झांसी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए रिंग रेल सेवा भी शुरू की जाएगी।

अगले वर्ष जनवरी से माघ मेला शुरू होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने आएंगे। मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी के साथ पौष व माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर विशेष भीड़ रहने की उम्मीद है। दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कत न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।

72 मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर इनके ठहराव की व्यवस्था की गई है। ये ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, नैनी, छिवकी, रामबाग, झूंसी, प्रयागराज संगम, प्रयाग और फाफामऊ से चलेंगी। मुख्य स्नान पर्वों पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रवेश और निकासी अलग-अलग रखी जाएगी।

प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि माघ मेला के लिए अतिरिक्त मेला स्पेशल ट्रेनों के साथ रिंग रेल भी चलाई जाएगी और इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। रिंग ट्रेनें लूप रूट पर चलती हैं, यानी एक स्टेशन से चलकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए वापस उसी स्टेशन पर लौट आती हैं। यह सेवा माघ, कुंभ और महाकुंभ के दौरान चलाई जाती है। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए यात्री आश्रय स्थलों की पहचान कलर कोडिंग से होगी। लाल रंग वाले आश्रय स्थल पर लखनऊ और वाराणसी, नीले रंग वाले पर मीरजापुर, विंध्याचल और पीडीडीयू, पीले रंग वाले पर मानिकपुर, सतना और झांसी तथा हरे रंग वाले आश्रय स्थल पर फतेहपुर व कानपुर की ओर जाने वाले यात्री रुकेंगे।