महराजगंज के परतावल स्थित एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में गुरुवार शाम करीब सात बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग में शोरूम में रखी करीब 26 स्कूटी, सात ई-रिक्शा और 20 बैटरियां जलकर राख हो गईं। आग के दौरान शोरूम में रखा एक सिलेंडर भी फट गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
आनंदनगर के पोखरभिंडा चौराहा निवासी शंभू जायसवाल का परतावल में मां दुर्गा आटो शोरूम है। घटना के समय कर्मचारी अपने काम में जुटे थे। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होती गईं। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और विकराल आग को देखते हुए दूसरी दमकल गाड़ी भी बुलाई गई। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझाने के दौरान बगल में बाइक की मरम्मत करने वाले विनोद पासवान को हल्की चोट आई। शोरूम में रखे दोपहिया और इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ बैटरियां पूरी तरह जल गईं। नुकसान करीब 20 लाख रुपये होने की चर्चा है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी नहीं हो सका है और आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है और मामले की जांच की जा रही है।
