महराजगंज के परतावल क्षेत्र में बुधवार को विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। स्व. भगवंत पटेल पानमती देवी पीजी कालेज में आयोजित इस मेले का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक छोटेलाल पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेला उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय और पानमती देवी पीजी कालेज, चंद्रपुर, बसहिया बुजुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
मेले में बीकेटी टायर, द गोल इंडिया, एक्टिव इंडिया, कृष्णा मारुति लिमिटेड, ब्लिंकिट वेयरहाउस, रोहित हाइब्रिड सीड और अदाणी सोलर एनर्जी सहित 20 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से दो हजार से अधिक रिक्तियों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। मेले में कुल 585 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 272 का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। युवाओं ने अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि सेवायोजन विभाग की ओर से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में बुधवार को आयोजित इस मेले में 272 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों में आगे की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए अवसर मिलेगा।
