मुंबई। महाराष्ट्र में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मौजूदा मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार दिए जाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से अब तक इस संबंध में केंद्र सरकार को कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया है। इस वजह से नए मुख्य सचिव के चयन को लेकर असमंजस बना हुआ है।

पद के संभावित दावेदारों में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर, परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय सेठी और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मिलिंद म्हैसकर प्रमुख हैं। तीनों 1992 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वरिष्ठता के लिहाज से मनीषा म्हैसकर सबसे आगे बताई जा रही हैं, उनके बाद संजय सेठी और फिर मिलिंद म्हैसकर का नंबर आता है।

मनीषा म्हैसकर और मिलिंद म्हैसकर पति-पत्नी हैं। ऐसे में अगर वरिष्ठता के आधार पर मनीषा म्हैसकर को मुख्य सचिव बनाया जाता है तो यह प्रशासन में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा। हालांकि, अंतिम फैसला राज्य सरकार को लेना है। ब्यूरोक्रेसी में नए मुख्य सचिव का ऐलान चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के फैसले पर टिकी हैं।

सेवानिवृत्ति की तारीखों के लिहाज से भी इन अधिकारियों की स्थिति अलग-अलग है। संजय सेठी सितंबर 2029 में, मिलिंद म्हैसकर नवंबर 2028 में और मनीषा म्हैसकर मार्च 2029 में सेवानिवृत्त होंगी। प्रशासनिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि नियुक्ति के लिए केवल वरिष्ठता ही नहीं, बल्कि अधिकारी के कार्यकाल और प्रशासनिक अनुभव को भी ध्यान में रखा जा सकता है।